दिल्ली में पहचान छिपाकर रह रही झारखंड की महिला नक्सली गिरफ्तार
दिल्ली: राजधानी दिल्ली में पहचान बदलकर रह रही झारखंड की एक महिला नक्सली को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 23 वर्षीय यह महिला झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुदाबुरु गांव की रहने वाली है और पिछले कई वर्षों से दिल्ली-एनसीआर में घरेलू सहायिका के रूप में काम कर रही थी।
पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह के अनुसार, एनसीआर में माओवादी गतिविधियों की आशंका के चलते छानबीन की जा रही थी। इसी दौरान पता चला कि महिला 2020 में दिल्ली आई थी और फर्जी दस्तावेजों के सहारे नोएडा और दिल्ली में रह रही थी। पुलिस ने महीनों की निगरानी के बाद पीतमपुरा इलाके के महाराणा प्रताप एन्क्लेव से उसे गिरफ्तार किया, जहां वह हाउस क्लीनिंग का काम कर रही थी।
अब पुलिस उसके संपर्कों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या राजधानी में अन्य नक्सली भी सक्रिय
हैं।