द जोहार टाइम्स
सिमडेगा।लचरागढ़ महिला आजीविका संगठन के खाते से क्लोन चेक के जरिए 62 लाख रुपये की फर्जी निकासी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस गंभीर आर्थिक अपराध में संलिप्त चार आरोपियों को कोलेबिरा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कैफ अली और काशिफ अहमद (दोनों राँची निवासी), शरद कुमार (गिरिडीह) और रोशन कुमार (डोमचांच) शामिल हैं। इन सभी ने संगठन के बैंक खाते की जानकारी प्राप्त कर उसका क्लोन चेक तैयार किया और गुमला स्थित एक बैंक से ₹62 लाख की अवैध निकासी कर ली।
मामले का खुलासा तब हुआ जब लचरागढ़ महिला आजीविका संगठन द्वारा खाते की नियमित जांच में भारी रकम की निकासी का पता चला। संदेह होने पर संस्था की ओर से कोलेबिरा थाना में लिखित शिकायत की गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें धर दबोचा।
बताया जाता है कि यह एक संगठित ठगी का मामला है और अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। आरोपियों के पास से क्लोन चेक, फर्जी दस्तावेज, और डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और बैंक अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आगे की जांच को तेज कर दिया गया है।