Saturday, September 21, 2024

हजारीबाग के कर्जन ग्राउंड में तीन दिवसीय 15 वीं राज्यस्तरीय तीरंदाज़ी प्रतियोगिता का हुआ शानदार आगाज़, झारखंड के 500 धनुर्धरों का हुआ विशाल समागम

हजारीबाग के कर्जन ग्राउंड में तीन दिवसीय 15 वीं राज्यस्तरीय तीरंदाज़ी प्रतियोगिता का हुआ शानदार आगाज़, झारखंड के 500 धनुर्धरों का हुआ विशाल समागम

 

आयोजन पर टिकी झारखंड की निगाहें, कौन होगा झारखंड का सर्वश्रेष्ठ धनुर्धर अर्जुन

 

*हजारीबाग डीसी, एसपी, प्रशिक्षु आईएएस, आयोजन समिति के निदेशक और सचिव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया उद्घटान, डीसी, एसपी और प्रशिक्षु आईएएस ने साधा निशाना,*

 

*सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला, कहा बेस्ट ऑफ लक*

 

*हजारीबाग के लिए गर्व की बात की हमें खेल प्रतिभा के मेज़बानी का मिला सुअवसर- नैंसी सहाय*

 

*खिलाड़ियों का स्टे कंफर्टेबल और सिक्योरिटी का पुख्ता इंतजाम- मनोज रतन चौथे*

 

*आर्चरी में भारत का बढ़ रहा है दबदबा, एशियन गेम्स में भी रहा शानदार प्रदर्शन- सुलोचना मीणा*

 

*झारखंड तीरंदाजी संघ का आभार जिन्होंने हमें यह अवसर प्रदान किया- आलोक कुमार*

 

*हर उम्र के खिलाड़ियों के आतिथ्य सत्कार से अभिभूत हूं- करण जायसवाल*

—-

उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल मुख्यालय जिला हजारीबाग की धरती पर पहली बार खेल विधा तीरंदाज़ी में राजकीय स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। हजारीबाग तीरंदाजी संघ और जिला प्रशासन, हजारीबाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय आयोजन का समापन आगामी 02 अक्तूबर को गांधी जयंती के दिन होगा। इस तीन दिवसीय 15 वीं राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता-2023 का भव्य आगाज़ शनिवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप हुआ। उद्घाटन सत्र में अतिथि के रूप में हजारीबाग के उपायुक्त नैंसी सहाय, एसपी मनोज रतन चौथे, प्रशिक्षु आईएएस सुलोचना मीणा, आयोजन समिति के निदेशक करण जायसवाल और हजारीबाग तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष सह आयोजन समिति के सचिव आलोक कुमार सहित अन्य लोग शामिल हुए और संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर विधिवत उद्घाटन किया। तत्पश्चात झारखंड के विभिन्न जिलों से हजारीबाग पहुंचे धनुर्धरों से अतिथियों से एक- एक कर मुलाकात की और उनसे परिचय प्राप्त कर उनका हौसला बढ़ाया। हजारीबाग उपायुक्त नैंसी सहाय, एसपी मनोज रतन चौथे और प्रशिक्षु आईएएस सुलोचना मीणा ने धनुष-वाण पर हाथ भी आजमाया और निशाना साधा ।

 

उद्घाटन के मौके पर हजारीबाग उपायुक्त नैंसी सहाय ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा की हजारीबाग के लिए बेहद गर्व की बात है कि हमें खेल प्रतिभा के मेज़बानी का अवसर मिला। उन्होंने हजारीबाग तीरंदाजी संघ को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने इस दायित्व को लिया और खिलाड़ियों का समागम कराया इसके लिए वे विशेष धन्यवाद के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग जिले के खिलाड़ी यहां एक साथ मिल रहे हैं तो निश्चित रूप से उनके बीच उनके टेक्निक और हुनर का आदान-प्रदान होगा जो आगे जाकर झारखंड के लिए हितकर साबित होगा और संपूर्ण देश दुनिया में जलवा बिखरेगा। आयोजन में हर उम्र के प्रतिभागी शामिल है। उपयुक्त नैंसी सहाय कहा कि सकारात्मक माहौल में आप सभी खिलाड़ी खेलें और मेडल जीतकर आगे की लक्ष्य पर ध्यान दें। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक मनोज रतन चौथे ने कहा कि सुबह लागतार बारिश होने के बाद भी आयोजन कर्ताओं ने जिस प्रकार से प्रबंध किया और ग्राउंड को खेलने योग्य बनाया उसके लिए हुए विशेष धन्यवाद के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि खेल में मेडल जीतने वालों को अग्रिम बधाई और जो नहीं जीत पाएंगे उन्हें भी हताश होने की आवश्यकता नहीं है वे आगे और एफर्ट लगाएंगे ताकि उन्हें भी मेडल मिले। हजारीबाग एसपी मनोज रतन चौथे ने खिलाड़ियों का हजारीबाग की धरती पर अभिनंदन करते हुए उन्हें अस्वस्थ किया कि आपका स्ट कंफर्टेबल हो और आपकी सुरक्षा का पुख़्ता इंतजाम हो इसका हमलोग ध्यान रख रहे हैं। प्रशिक्षु आईएएस सुलोचना मीणा ने कहा की आर्चरी में भारत का दबदबा लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान में चल रहे एशियाई गेम्स में भी भारत में आर्चरी में 6 गोल्ड मेडल लाए हैं। इन खिलाड़ियों से प्रेरणा लेकर आप सभी धनुर्धारों को अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की जरूरत है। हजारीबाग तीरंदाज़ी संघ के अध्यक्ष सह आयोजन समिति के सचिव आलोक कुमार ने बताया कि झारखंड तीरंदाजी संघ का विशेष आभार जिन्होंने हमें मेजबानी का मौका दिया। उन्होंने भी सभी प्रतिभागियों के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने की बात कही। आयोजन समिति के निदेशक करण जायसवाल ने कहा की हर उम्र के खिलाड़ियों के आतिथ्य सत्कार से हम अभिभूत है। उन्होंने कहा की झारखंड की रत्नगर्भा धरती में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा की निश्चित रूप से ऐसे आयोजन से झारखंड के धनुर्धर अर्जुन निखरकर आयेंगे जो देश दुनिया में झारखंड का नाम रौशन करेंगे ।

 

इस प्रतियोगिता में झारखंड राज्य के विभिन्न जिलों से कुल 500 प्रतिभागी के साथ 30 राष्ट्रीय स्तर के तकनीकी पदाधिकारियों की टीम हजारीबाग पहुंची है। सूबे के सभी 24 जिला समेत कई क्लबों की टीम इसमें भाग ले रही है। जिसमें रांची, लोहरदगा, सरायकेला- खरसांवा, हजारीबाग, दुमका, वेस्ट सिंहभूम, रामगढ़, चतरा, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, खूंटी, गिरिडीह, पलामू, ईस्ट सिंहभूम सहित अन्य जिले और क्लबों की टीमें शामिल हैं ।

 

खबर लिखे जाने तक प्रथम दिन प्रतियोगिता में अंडर 9 बालक वर्ग में पहले स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक विजेता बने आयुष कुमार महतो धनबाद जिले के खिलाड़ी हैं जिन्होंने 353 पॉइंट अर्जित कर स्वर्ण पदक जीता। दूसरे स्थान पर सरायकेला के सिद्धू मरांडी ने 349 पॉइंट जीतकर रजत पदक और तीसरे स्थान पर रांची के मनोज कुमार महतो ने 347 पॉइंट अर्जित कर कांस्य पदक जीता। वहीं बालिका वर्ग में बोकारो की यावना यादव ने 351 पॉइंट अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त करके स्वर्ण पदक विजेता बनी। वहीं दूसरे स्थान पर अर्जुना क्लब की शिखा कुमारी ने 344 पॉइंट अर्जित कर रजत पदक और तीसरे स्थान पर सुहाना परवीन ने 339 पॉइंट अर्जित कर कांस्य पदक प्राप्त किया। इन सभी विजेता खिलाड़ियों को हजारीबाग उपायुक्त नैंसी सहाय, एसपी मनोज रतन चौथे, प्रशिक्षु आईएएस सुलोचना मीणा सहित अन्य गणमान्य लोगों के हाथों पदक पहनाकर सम्मानित भी किया गया ।

 

इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में विशेषरूप से भारतीय तीरंदाजी संघ के संयुक्त सचिव सुमन चंद मोहंती एवं झारखंड तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष के.एन सिंह, हजारीबाग तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष आलोक कुमार, वरीय उपाध्यक्ष कारण जयसवाल, एनटीपीसी के अजीत कुमार, आईसेक्ट यूनिवर्सिटी के मूनिस गोबिंद, रिश्ता पॉलिमर के सोमा अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, हरेंद्र सिंह, प्रकाश राम, बीएस राव, हजारीबाग तीरंदाजी संघ के सचिव मनोज कुमार एवं अनिल कुमार राणा, अशोक कुमार यादव, भाजपा नेता सह सदर विधायक प्रतिनिधि विशाल वाल्मिकी, मंसूर आलम, हेमंत कुमार, चंदन राणा, मरियम कुजूर, हजारीबाग सदर विधायक के खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के विधायक प्रतिनिधि बंटी तिवारी, समाजसेवी जयप्रकाश, हैप्पी, सचिन खंडेलवाल सहित आयोजन समिति से जुड़े अन्य सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान है ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

आपकी राय
न्यू अपडेट
राशिफल
लाइव स्कोर
आज का मौसम

RELATED NEWS

error: Content is protected !!